---Advertisement---

युवाओं के लिए राज्यपाल की प्रेरणा – 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प

देहरादून। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने ध्वजारोहण कर देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके त्याग, बलिदान और संघर्ष के बल पर हमें आजादी मिली है।

राज्यपाल ने कहा कि भारत आज प्रत्येक क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और यही हमारे विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराते हुए युवाओं से तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने डिजिटल स्वदेशी की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि अपने डेटा, सॉफ्टवेयर और तकनीक पर निर्भर रहना हमारी अर्थव्यवस्था और सुरक्षा दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आने वाले 22 वर्ष भारत के लिए आर्थिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनने का सुनहरा अवसर हैं। आज दुनिया में प्रतिस्पर्धा तकनीक, अर्थव्यवस्था और नवाचार के स्तर पर हो रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आने वाले समय की सबसे बड़ी शक्ति होगी, जो स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, परिवहन और रक्षा समेत सभी क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी।

राज्यपाल ने उत्तराखंड की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद देवभूमि विकास पथ पर अग्रसर है। योग, आयुर्वेद, हनी, अरोमा और वेलनेस जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें आर्थिक अवसरों में बदलना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कृषि, जैविक खेती और औद्यानिकी को सशक्त बनाने के राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।

मातृशक्ति और बेटियों की प्रतिभा पर गर्व व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उनकी मेहनत और कौशल से प्रदेश नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को एआई, स्पेस, साइबर, क्वांटम और रोबोटिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में कौशल विकास और सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

 

Related Post