रानीखेत। साप्ताहिक समाचार पत्र *रानीखेत टाइम्स* के संपादक रहे स्वर्गीय जगदीश चंद्र तिवारी के आश्रित को मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष से पाँच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। बुधवार को कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने स्व. तिवारी की पत्नी श्रीमती कमला तिवारी को पाँच लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट सौंपा।
इस अवसर पर आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से पत्रकारों और उनके आश्रितों को समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना राज्य सरकार की संवेदनशील एवं कल्याणकारी सोच का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और विपरीत परिस्थितियों में उनके परिवारों को सहयोग देना सरकार की प्राथमिकता है।
उल्लेखनीय है कि स्व. जगदीश चंद्र तिवारी का 3 फरवरी 2024 को निधन हो गया था। वे लंबे समय तक निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते रहे। उनके निधन से क्षेत्रीय पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति पहुँची थी।
श्रीमती कमला तिवारी ने इस आर्थिक सहयोग के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी तथा जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सहायता से परिवार को संबल मिला है और कठिन समय में सरकार का यह कदम सराहनीय है।
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित पत्रकार कल्याण कोष पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे पत्रकारों और उनके परिवारों को आपात परिस्थितियों में आर्थिक सहयोग उपलब्ध हो रहा है।








