देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य के ज्वलंत मुद्दों और जनता से जुड़े अहम सवालों को नजरअंदाज किया।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस द्वारा पहले उठाए गए 10 महत्वपूर्ण सवाल सीधे तौर पर उत्तराखंड की जनता के हित से जुड़े थे, लेकिन प्रधानमंत्री ने इन पर कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इन मुद्दों को “चिमटे से भी नहीं छुआ गया।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में उत्तराखंड की सैन्य परंपरा का जिक्र तो किया, लेकिन अग्निपथ योजना पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया, जिससे सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं में निराशा है।
गोदियाल ने राज्य में बढ़ते महिला अपराधों को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि कई मामलों में सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों के नाम सामने आना गंभीर विषय है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि सीबीआई जांच की घोषणा के बावजूद अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
उन्होंने भर्ती घोटालों, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। साथ ही दिल्ली-देहरादून हाईवे के लोकार्पण पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इससे राज्य को वास्तविक लाभ क्या मिलेगा।
गोदियाल ने चेतावनी दी कि बढ़ते यातायात के कारण देहरादून भविष्य में “चोक पॉइंट” बन सकता है, जिससे मसूरी, ऋषिकेश और हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
अंत में उन्होंने आरोप लगाया कि रोड शो के लिए विभिन्न वर्गों के लोगों को दबाव बनाकर शामिल किया गया और कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी।








