---Advertisement---

विदेशी संस्कृति की झलक: ग्राफिक एरा में म्यांमार नववर्ष ने बांधा समा

देहरादून। “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को साकार करते हुए Graphic Era Deemed University में सोमवार को म्यांमार के पारंपरिक नववर्ष ‘Thingyan’ का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान परिसर में म्यांमार की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की रंगीन झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में म्यांमार से आए छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में अपनी सांस्कृतिक पहचान को बेहद आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने लोकगीतों पर नृत्य और गायन की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इसके साथ ही छात्रों ने म्यांमार के पारंपरिक व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया, जिससे लोगों को वहां की संस्कृति और खानपान को करीब से समझने का अवसर मिला।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि म्यांमार के छात्रों ने न केवल अपनी संस्कृति को साझा किया, बल्कि अन्य छात्रों और शिक्षकों को भी इस उत्सव में शामिल कर सामूहिक रूप से जश्न मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह, कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा और डीन इंटरनेशनल अफेयर्स डॉ. डी.आर. गंगोत्कार ने केक काटकर किया।

इस आयोजन का संचालन विश्वविद्यालय के इंटरनेशनल अफेयर्स विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विभाग के एक्जीक्यूटिव सूचित अरोड़ा, बायोटेक विभाग के प्रोफेसर डॉ. वी.पी. उनियाल सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक विविधता को दर्शाता है, बल्कि विभिन्न देशों के छात्रों के बीच आपसी समझ और सौहार्द को भी मजबूत करता है।

Related Post