---Advertisement---

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर किया स्वचालित टिकट वेंडिंग और वाटर वेंडिंग मशीनों का उद्घाटन, कुल 100 प्रमुख स्टेशनों में होंगी ये सुविधाएँ

सत्यनारायण मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने यात्री सुविधाओं को और अधिक सुगम तथा बेहतर बनाने की दिशा में एक अतिरिक्त ठोस कदम उठाया है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और असुविधाओं को ध्यान में रख गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर 3 अक्टूबर से स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) संचालित की है। इस सुविधा का उद्घाटन पूसीरे के महाप्रबंधक चेतनकुमार श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्रीवास्तव ने कहा कि गुवाहाटी स्टेशन पर एटीवीएम और डब्ल्यूवीएम की शुरुआत से यात्रियों की यात्रा सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे आने वाले दिनों में अपने नेटवर्क पर ऐसी और भी यात्री-अनुकूल सुविधाएँ लाने को प्रतिबद्ध है।
इसके अलावा गुवाहाटी स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्लीपिंग पॉड्स का भी निर्माण किया जा रहा है और इसके इस वर्ष दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।
एटीवीएम और डब्ल्यूवीएम की स्थापना के साथ, पू. सी. रेलवे ने आधुनिकीकरण और बेहतर यात्री सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इन सुविधाओं का विशेषकर भीड़-भाड़ के दौरान यात्रियों द्वारा व्यापक रूप से स्वागत किए जाने की उम्मीद है, क्योंकि इससे टिकटिंग प्रक्रिया तेज़ और आसान हो जाएगी तथा किफायती दरों पर स्वच्छ, सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा। इन पहलों का उद्देश्य डिजिटलीकरण को बढ़ावा, परिचालन दक्षता में सुधार एवं समग्र यात्री संतुष्टि में वृद्धि, रेल सेवाओं को अधिक सुलभ, सुविधाजनक और यात्री-अनुकूल बनाने के साथ-साथ पर्यावरण-अनुकूल प्रथाओं को भी बढ़ावा देना है।

गौरतलब है कि टिकट सेवाओं के आधुनिकीकरण की एक व्यापक योजना के तहत, यात्रियों को तेज़ और अधिक सुविधाजनक टिकटिंग अनुभव प्रदान करने के लिये पूसीरे ने अपने अधीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 100 से अधिक एटीवीएम मशीन लगाने की प्रक्रिया शुरू की है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया है कि यात्रियों को अनारक्षित रेल टिकट खरीदने के एक त्वरित, उपयोगकर्ता-अनुकूल और आधुनिक पद्धति प्रदान करने के लिए एटीवीएम को स्थापित किया गया है। इस मशीन के कारण यात्रियों को अब टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इसके बजाय, वे सीधे मशीन पर डिजिटल भुगतान कर आसानी से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। इससे कीमती समय की बचत होती है और इस क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन में आसानी होती है। यह अनारक्षित टिकट, प्लेटफ़ॉर्म टिकट और यहाँ तक कि सीज़न टिकट भी जारी कर सकता है, जिससे यह दैनिक यात्रियों के साथ-साथ कभी-कभार यात्रा करने वालों के लिए भी एक बहुउद्देशीय सुविधा बन जाती है। एटीवीएम का एक प्रमुख लाभ यह है कि यह कैशलेस लेनदेन और डिजिटल इंडिया पहल को बढ़ावा देने में सक्षम है।
एटीवीएम के अलावा पूसीरे ने 13 स्टेशनों पर 36 वाटर वेंडिंग मशीनें (डब्ल्यूवीएम) लगाई हैं, जो 24 घंटे स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती पेयजल उपलब्ध कराती हैं। यह पहल यात्रियों को अपने कंटेनर स्वयं भरने के लिए प्रोत्साहित, अनुकूल पर्यावरण को बढ़ावा, बोतलबंद पानी पर कम निर्भरता और स्वच्छता एवं सुविधा सुनिश्चित करती है। किफायती दामों पर शुद्ध पानी उपलब्ध होने के साथ, डब्ल्यूवीएम सही मायने में “हर घूंट में स्वच्छता” के संदेश को साकार करती हैं, जो स्वस्थ यात्रा के लिए सुरक्षित जल सुनिश्चित करती हैं। यात्री डब्ल्यूवीएम से 3 रुपये में आधा लीटर पानी रिफिल और 5 रुपये में कंटेनर सहित प्राप्त कर सकते हैं। पानी की गुणवत्ता जांचने की सुविधा भी यात्रियों के लिए उपलब्ध है, जो यात्रा के दौरान सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने के लिए पानी की जांच करना चाहते हैं।

Related Post