---Advertisement---

नर सेवा से नारायण सेवा तक: प्रयास फाउंडेशन के आयोजन ने कैसे जोड़ी आस्था और समाज सेवा?

रुड़की। सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय प्रयास फाउंडेशन द्वारा पश्चिमी शिवपुरम में भव्य सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही, जहां भक्तिभाव के साथ प्रभु श्रीराम का गुणगान कर विश्व कल्याण की कामना की गई। पूरे क्षेत्र में भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान प्रयास फाउंडेशन के संरक्षक राजवीर त्यागी एडवोकेट और नवीन त्यागी ने कहा कि संस्था निरंतर जनसेवा के कार्यों के साथ-साथ आध्यात्मिक गतिविधियों को भी आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि इस तरह के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में सद्भाव, सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण होता है, साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सनातन परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।

संस्था के अध्यक्ष विकास त्यागी ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि किसी भी नए और शुभ कार्य की शुरुआत ईश्वर के स्मरण और जनकल्याण की भावना के साथ करनी चाहिए।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पधारे आचार्य रमेश सेमवाल जी महाराज एवं पूर्व मेयर गौरव गोयल ने प्रयास फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था “नर सेवा नारायण सेवा” के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के लिए निरंतर प्रेरणादायी कार्य कर रही है।

इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में हुआ।

 

Related Post