---Advertisement---

ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव से लेकर कॉलोनी सुरक्षा तक—पुलिस ने बुजुर्गों को दिया भरोसा

देहरादून जिले में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस द्वारा लगातार विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में मसूरी क्षेत्राधिकारी मनोज असवाल के निर्देशन में राजपुर थाने के इंस्पेक्टर शैंकी और आईटी पार्क चौकी इंचार्ज दीपक द्विवेदी ने द्रोण वाटिका कॉलोनी में वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर संवाद स्थापित किया।

पुलिस अधिकारियों ने कॉलोनी में वरिष्ठ नागरिकों जबर सिंह राणा, प्रशांत विश्वास, प्रेम सिंह चौहान, आनंद सिंह नेगी और राजदेव सिंह यादव के घर जाकर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने प्रमुख मुद्दे के रूप में कॉलोनी में बिल्डरों द्वारा की जा रही मनमानी और धमकाने-डराने की घटनाओं को सामने रखा। उनका कहना था कि कई बिल्डर गलत मानचित्र पर मकान बनाते हैं और विरोध करने पर बुजुर्गों को डराने की कोशिश करते हैं।

वरिष्ठ नागरिकों ने कॉलोनी के भीतर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और सत्यापन की मांग की, जिस पर थाना अध्यक्ष और चौकी प्रभारी ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बुजुर्गों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए। उन्हें ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि वे किसी भी प्रकार के साइबर अपराध से खुद को सुरक्षित रख सकें। साथ ही बुजुर्गों को सलाह दी गई कि किसी अनजान व्यक्ति को अपने घर में प्रवेश न करने दें और किसी समस्या की स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर पुलिस से संपर्क करें।

क्षेत्राधिकारी मसूरी मनोज असवाल ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सेवा और सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है। उन्होंने कहा कि पुलिस की यह पहल बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना मजबूत करेगी और उन्हें यह विश्वास दिलाएगी कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और हल किया जा रहा है। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों के साथ कॉलोनी के कई वरिष्ठ नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

 

Related Post