नेमरा (रामगढ़): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में देश के बड़े राजनीतिक चेहरे शामिल हुए। बुधवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव नेमरा, गोला (रामगढ़) पहुंचे।
दिग्गज नेताओं ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके पुत्र एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सहित शोक-संतप्त परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना प्रकट की। नेताओं ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जीवन संघर्ष और सामाजिक न्याय की मिसाल रहा है। उन्होंने झारखंड और देश के आदिवासी समुदायों के लिए जो योगदान दिया, उसे भुलाया नहीं जा सकता।
राहुल गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा, शिबू सोरेन जी ने गरीबों, किसानों और आदिवासियों की आवाज़ को संसद तक पहुंचाया। उनका निधन एक युग का अंत है।” मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि, देश ने एक बड़ा जननेता खो दिया है।” तेजस्वी यादव ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर कहा कि यह केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि समूचे भारत की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।
इस दौरान नेमरा गांव में भारी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे जिन्होंने अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही और प्रशासन ने भीड़ को संभालने के लिए पुख्ता इंतज़ाम किए थे।
शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। इस मौके पर झारखंड के कई अन्य मंत्री, विधायक और गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।








