---Advertisement---

दिल्ली-दून कॉरिडोर से चारधाम तक—गडकरी के ऐलान से बदलेगा पूरा उत्तराखंड

देहरादून। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तराखंड में चल रही और प्रस्तावित बड़ी विकास परियोजनाओं का विस्तृत खाका पेश किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राज्य के विकास को नई दिशा और गति देने वाला साबित होगा।

गडकरी ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में करीब 1.30 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि सहारनपुर बाईपास से हरिद्वार तक 51 किलोमीटर लंबी छह लेन सड़क का उद्घाटन जून में किया जाएगा। वहीं, 1650 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पांवटा साहिब-देहरादून फोरलेन मार्ग अगले महीने तक शुरू हो जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि 1600 करोड़ रुपये की लागत से हरिद्वार में ग्रीन फील्ड बाईपास का पहला चरण अक्टूबर 2026 तक पूरा होगा, जिससे हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी राहत मिलेगी। साथ ही 1100 करोड़ रुपये की लागत से ऋषिकेश बाईपास परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है, जिस पर अगस्त तक काम शुरू होने की उम्मीद है।

गडकरी ने कहा कि रुद्रपुर, काशीपुर और देहरादून-झाझरा-आशारोड़ी जैसे क्षेत्रों में भी फोरलेन और एलिवेटेड रोड परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा भानियावाला से ऋषिकेश तक फोरलेन मार्ग 2028 तक पूरा होने की संभावना है।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी कई अहम परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने बताया कि 5200 करोड़ रुपये की लागत से टनकपुर से पिथौरागढ़ होते हुए लिपुलेख तक सड़क बनाई जा रही है, जिससे मानसरोवर यात्रा सुगम होगी।

इसके साथ ही 12,000 करोड़ रुपये की चारधाम सड़क परियोजना में 640 किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है। गडकरी ने कहा कि सरकार केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजनाओं पर भी काम कर रही है, जिससे तीर्थ यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

Related Post