देहरादून। रविवार को मुख्यमंत्री आवास में एक विशेष आयोजन के तहत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनप्रतिनिधियों और संस्कृति स्कूल के विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड को सुना। इस दौरान कार्यक्रम में प्रस्तुत विषयों पर विस्तार से चर्चा भी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन को प्रेरित करने वाला सशक्त संवाद मंच है। यह कार्यक्रम देशभर में हो रहे नवाचारों, सामाजिक एकता, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को नई दिशा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए विषय समाज के हर वर्ग को सकारात्मक सोच और सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित करते हैं।
131वें एपिसोड में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन, अंगदान से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियां तथा ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने पर विशेष बल दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और युवाओं को इस तकनीक का सही और रचनात्मक उपयोग सीखना चाहिए।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे स्वास्थ्य जागरूकता, अंगदान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण तथा डिजिटल सुरक्षा को जीवन का हिस्सा बनाएं। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को साइबर अपराधों से सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक खजानदास, सविता कपूर, सुरेश गड़िया तथा पूर्व विधायक बलवंत सिंह भौंरियाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं।








