रामगढ़। जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यों की प्रगति को लेकर बुधवार को उपायुक्त रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में खाद्य आपूर्ति से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करना और लंबित कार्यों में तेजी लाना रहा।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सर्वप्रथम पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने प्रखंडवार आधार सीडिंग, मोबाइल नंबर सीडिंग, पीवीटीजी डाकिया योजना, खाद्यान्न आपूर्ति और भंडारण से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की। उपायुक्त ने खाद्यान्न के सुरक्षित रखरखाव के लिए बनाए गए गोदामों की स्थिति पर भी जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीमती रंजीता टोप्पो ने उपायुक्त को आपूर्ति विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के तहत कार्य लगातार किए जा रहे हैं, हालांकि कुछ प्रखंडों में अभी अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाई है।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन कार्ड लाभुकों का लंबित आधार सीडिंग और मोबाइल सीडिंग कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
धान अधिप्राप्ति की समीक्षा के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले को मिले 2 लाख क्विंटल के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक लगभग 64 हजार क्विंटल धान की अधिप्राप्ति पूरी कर ली गई है। इस पर उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर सभी कार्यों को नियमानुसार सुनिश्चित करने और संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही उपायुक्त ने पीवीटीजी डाकिया योजना के तहत लाभुकों को समय पर राशन उपलब्ध कराने, हरा राशन कार्ड एवं मुख्यमंत्री दाल-भात योजना की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में चितरपुर के अंचल अधिकारी, सभी प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।








