देहरादून। फिक्की फ्लो उत्तराखंड की ओर से आयोजित “फ्लो ट्रेड फेयर एवं आर्टिजन हाट” (संस्करण-9) का शुभारंभ आज देहरादून में उत्साह और गरिमा के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती गीता धामी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री (उद्यमिता) श्री विनोद उनियाल, राज्य मंत्री (संस्कृति) श्रीमती मधु भट्ट, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट, तथा भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती नेहा जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
फिक्की फ्लो उत्तराखंड की चेयरपर्सन एवं राज्य मंत्री (बाल विकास) डॉ. गीता खन्ना ने कहा कि “यह आयोजन महिलाओं की आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उत्तराखंड की महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।”
मुख्य अतिथि गीता धामी ने कहा कि “फ्लो ट्रेड फेयर महिला उद्यमियों को अपनी कला, संस्कृति और प्रतिभा दिखाने का एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। यह उत्तराखंड की महिला शक्ति और संस्कृति का सुंदर संगम है।”
दो दिवसीय इस आयोजन में देशभर से आए लगभग 20 प्रसिद्ध शिल्पकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। आभूषण, हस्तशिल्प, गृह सज्जा, फर्निशिंग और फैशन उत्पादों से सजे स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने। साथ ही कठपुतली मेकिंग और पेपर कटिंग वर्कशॉप्स ने प्रतिभागियों को पारंपरिक शिल्प की बारीकियों से परिचित कराया।
कार्यक्रम में सह-संयोजक लुबना मिर्ज़ा और ज्योति सिंह राठौर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तृप्ति बेहल, वाइस चेयरपर्सन मीनाक्षी सोती, कोषाध्यक्ष हरप्रीत कौर सहित पूरी फ्लो टीम की सक्रिय भागीदारी रही।








