ED ने 750 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटालेमें बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार सुबह रांची, कोलकाता और मुंबई के कुल 8 ठिकानों पर छापेमारी की। ये छापेमारी घोटाले के दूसरे दौर की कार्रवाई के तहत की गई है। रांची में एक साथ 6 अलग-अलग ठिकानों पर ईडी की टीमों ने दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य खंगाले।
रांची में छापेमारी का मुख्य केंद्र पीपी कंपाउंड स्थित कृष्णा अपार्टमेंट का चौथा फ्लोर रहा, जहां एक फ्लैट में ईडी की टीम ने तलाशी ली। इसके अलावा पांच अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि इस बार की छापेमारी शिव कुमार देवड़ा गिरोह से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ की गई है, जो इस बड़े घोटाले में शामिल बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, जीएसटी घोटाले की पहली कार्रवाई में ईडी ने कोलकाता से शिव कुमार देवड़ा, जमशेदपुर से अमित अग्रवाल उर्फ विक्की भालोटिया समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इनकी पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने बिना वास्तविक माल की खरीद-बिक्री किए फर्जी बिलिंग के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत फायदा उठाया और सरकार को भारी नुकसान पहुंचाया।
ईडी को यह भी पता चला कि इस गिरोह ने **कागजी कंपनियों के माध्यम से करोड़ों का फर्जी व्यापार दिखाकर टैक्स की चोरी की।इन्हीं सूचनाओं के आधार पर ईडी ने दूसरे दौर की छापेमारी शुरू की है। फिलहाल ईडी की टीमें देश के अन्य हिस्सों में भी जुड़े हुए लोगों की तलाश में लगी हैं और घोटाले की पूरी जड़ तक पहुंचने की कोशिश जारी है।








