---Advertisement---

जनवरी में लौट रहा है परीक्षा पे चर्चा—क्या होगा इस बार खास?

परीक्षा के तनाव को कम करने और विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वार्षिक पहल *‘परीक्षा पे चर्चा’* एक बार फिर नए अंदाज़ में लौट रही है। शिक्षा मंत्रालय ने घोषणा की है कि इस लोकप्रिय कार्यक्रम का 9वां संस्करण जनवरी 2026 में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री देश–विदेश के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधे संवाद करेंगे और परीक्षा को उत्सव की तरह मनाने का संदेश देंगे।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चयन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मंत्रालय के अनुसार, माईगव पोर्टल पर ऑनलाइन एमसीक्यू आधारित प्रतियोगिता 1 दिसंबर 2025 से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है। इसमें कक्षा 6 से 12 तक के छात्र, शिक्षक और अभिभावक हिस्सा ले सकते हैं। पंजीकरण पूरा करने वाले हर प्रतिभागी को माईगव की ओर से सहभागिता प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।

परीक्षा पे चर्चा का पिछला यानी 8वां संस्करण 10 फरवरी 2025 को नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में एक नए नवाचारी स्वरूप में आयोजित किया गया था। इसमें सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 36 प्रतिनिधि छात्रों ने भाग लिया। सरकारी स्कूलों, केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों, सैनिक स्कूलों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थी भी इसमें शामिल हुए थे। साथ ही कला उत्सव, प्रेरणा एलुमनाई और वीर गाथा के विजेता भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।

पीपीसी 2025 ने इस बार एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की। यह कार्यक्रम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो गया, क्योंकि इसमें 245 से अधिक देशों के छात्रों, 153 देशों के शिक्षकों और 149 देशों के अभिभावकों ने भाग लिया। इसके अलावा कुल 3.56 करोड़ पंजीकरण दर्ज किए गए, जो 2018 में पहले संस्करण के सिर्फ 22 हजार प्रतिभागियों की तुलना में अनेक गुना अधिक है।

जन आंदोलन के रूप में इससे जुड़े अभियानों में 1.55 करोड़ लोगों की भागीदारी रही। इस तरह पीपीसी 2025 की कुल सहभागिता लगभग 5 करोड़ तक पहुंच गई। उम्मीद है कि 2026 का यह नया संस्करण एक बार फिर नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

 

Related Post