---Advertisement---

झारखंड में मुठभेड़: 5 लाख का इनामी नक्सली कमांडर ढेर

पलामू (झारखंड)। पलामू जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। रविवार को मनातू और तरहसी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती काश और बंशी खुर्द जंगल के बीच सुरक्षा बलों और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (TSPC) के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में टीएसपीसी का इनामी कमांडर मुखदेव यादव मारा गया। मुखदेव पर सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में सर्च अभियान अब भी जारी है। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने **मुखदेव यादव का शव और एक इंसास राइफल** बरामद की है।

सूत्रों के मुताबिक, मुखदेव यादव वही नक्सली टीम का हिस्सा था, जिसने **3 सितंबर की रात पलामू पुलिस पर हमला कर दो जवानों को शहीद कर दिया था।** इसी के बाद से इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था।

इससे पहले सुरक्षा एजेंसियों ने **10 लाख के इनामी नक्सली कमांडर शशिकांत** की तलाश में अभियान तेज किया था। इसी क्रम में रविवार को जब कोबरा, जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम मनातू के जंगलों में दाखिल हुई, तो नक्सलियों ने गोलाबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला और भीषण मुठभेड़ के बाद इनामी कमांडर मुखदेव यादव ढेर हो गया।

इस सफलता को सुरक्षाबलों के मनोबल के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा ताकि जंगलों में छिपे बाकी उग्रवादियों का खात्मा किया जा सके।

 

Related Post