---Advertisement---

गुवाहाटी प्रेस क्लब में जुबीन गर्ग को भावभीनी श्रद्धांजलि

गुवाहाटी। असम के संगीत जगत के दिग्गज और सांस्कृतिक प्रतीक जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शुक्रवार को गुवाहाटी प्रेस क्लब (जीपीसी) में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकार, कलाकार और गर्ग के परिजन मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों ने दिवंगत कलाकार की स्मृति में पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में जुबीन गर्ग के अंकल मनोज कुमार बरठाकुर भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि, “अपने भतीजे की स्मृति में मिट्टी का दीया जलाना मेरे लिए असहनीय दुःख है। जुबीन ने सफलता पाने के लिए अथक मेहनत की और वह हमेशा असम की आत्मा बने रहेंगे।”

लोकप्रिय गायक पद्मनाभ बरदलै ने जुबीन गर्ग के निधन को अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि यह क्षति केवल असम ही नहीं बल्कि पूरे देश के संगीत जगत के लिए गहरा आघात है। बरदलै ने उम्मीद जताई कि जुबीन की मृत्यु की परिस्थितियों की जांच निष्पक्ष रूप से होगी और सच्चाई सामने आएगी।

श्रद्धांजलि स्वरूप, पत्रकारों और कलाकारों ने जुबीन गर्ग के लोकप्रिय गीत ‘मायाबिनी’ को सामूहिक रूप से प्रस्तुत किया। इस दौरान पूरा माहौल भावुक हो उठा और कई लोगों की आंखें नम हो गईं।

कार्यक्रम में जीपीसी अध्यक्ष सुष्मिता गोस्वामी, उपाध्यक्ष आलोक बरुआ, महासचिव संजय रे, खेल सचिव आजाद गोगोई, वरिष्ठ पत्रकार पुलिन साहा, रेबा बोरा, प्रशांत बरुआ और अभिजीत देब सहित शहर के कई पत्रकार और सांस्कृतिक जगत के लोग उपस्थित रहे।

सभी ने एक स्वर में कहा कि जुबीन गर्ग न केवल एक गायक थे, बल्कि असम की सांस्कृतिक पहचान थे। उनके संगीत ने असंख्य लोगों के दिलों को छुआ और उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

Related Post