2161 करोड़ के कथित शराब घोटाले में कार्रवाई, बघेल बोले— ‘ईडी आ गई, मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा’
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में आज सुबह बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके पुत्र चैतन्य बघेल के भिलाई स्थित ठिकानों पर छापा मारा। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई राज्य में हुए 2161 करोड़ रुपये के शराब घोटाले से जुड़ी है।
सुबह 6 बजे पहुंची ईडी टीम, सीआरपीएफ भी साथ
सूत्रों के अनुसार सुबह करीब 6 बजे 12 ईडी अधिकारियों की टीम सीआरपीएफ के जवानों के साथ भूपेश बघेल के भिलाई-3 स्थित निवास पर पहुंची। फिलहाल ईडी की टीम वहां मौजूद है और जांच जारी है।
2161 करोड़ के शराब घोटाले से जुड़ी है कार्रवाई
यह छापेमारी राज्य में हुए शराब घोटाले से जुड़ी मानी जा रही है। जांच में सामने आया है कि छत्तीसगढ़ में संगठित शराब सिंडिकेट ने भारी अवैध कमाई की थी। ईडी पहले ही इस मामले में अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा सहित कई लोगों के नाम उजागर कर चुकी है। मामले में पूर्व मंत्री कवासी लखमा पहले से ही जेल में हैं।
भूपेश बघेल की प्रतिक्रिया— ‘ईडी आ गई, मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश’
भूपेश बघेल ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक साजिश बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:
“ईडी आ गई। आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है। अडानी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा आज उठना था। भिलाई निवास में साहेब ने ईडी भेज दी है।”
कांग्रेस का आरोप— विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश
कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ग्रुप में इस छापेमारी की पुष्टि करते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। चरोदा नगर निगम के सभापति कृष्णा चंद्राकर ने कहा:
“पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राज्य के हर कोने में कांग्रेस का वर्चस्व मजबूत कर रहे हैं। विधानसभा सत्र में सरकार को घेर रहे हैं, जिससे भाजपा बौखला गई है।”
पहले भी हो चुकी है छापेमारी
मार्च 2025 में भी ईडी ने भूपेश बघेल के निवास पर कैश जब्ती और पूछताछ की थी। तब नोट गिनने की मशीन तक मंगाई गई थी। आज की कार्रवाई उस जांच की अगली कड़ी मानी जा रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे भूपेश बघेल के निवास पर
जैसे ही ईडी छापे की सूचना फैली, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ भिलाई-3 स्थित निवास पर जुटने लगी। मौके पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।








