सांसद मनीष जायसवाल व प्राचार्या डॉ. संज्ञा ने दी बधाई
मनोज झा
रामगढ़। चितरपुर महाविद्यालय को नया शिक्षाविद् मिल गया है। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् डॉ. राजेंद्र कुमार का चयन महाविद्यालय के शासी निकाय द्वारा सर्वसम्मति से किया गया। हाल ही में संपन्न हुई बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी।
डॉ. राजेंद्र कुमार के चयन पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर महाविद्यालय के अध्यक्ष एवं सांसद श्री मनीष जायसवाल, सचिव श्री शफीक अनवर तथा प्राचार्या डॉ. संज्ञा ने उन्हें हार्दिक बधाई दी।
बीते 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान महाविद्यालय परिवार ने नए शिक्षाविद् का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर डॉ. राजेंद्र कुमार को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने प्रथम संबोधन में उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिवार ने जो भरोसा जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएँगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि कॉलेज की प्रगति और छात्रों के हित में वे हर संभव योगदान देंगे।
उन्होंने कहा, “महाविद्यालय परिवार के लिए मैं हमेशा खड़ा रहूंगा। यह जिम्मेदारी मेरे लिए गर्व और प्रेरणा दोनों है। मैं प्रयास करूंगा कि शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो और विद्यार्थी अकादमिक के साथ-साथ व्यक्तित्व निर्माण में भी आगे बढ़ें।”
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे। सबने डॉ. राजेंद्र कुमार के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त की और उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में कॉलेज नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।








