टिहरी के पांच स्कूल होंगे कलस्टर विद्यालय, 10.65 करोड़ की मंजूरी
देहरादून। उत्तराखंड सरकार की कलस्टर विद्यालय योजना के तहत टिहरी जनपद के पांच राजकीय इंटर कॉलेजों में शीघ्र ही निर्माण और अवस्थापना कार्य शुरू होने वाले हैं। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कार्यदायी संस्था द्वारा तैयार 10.65 करोड़ रुपये के आंगणन को मंजूरी दे दी है। इसके बाद इन विद्यालयों में निर्माण कार्य के लिए धनराशि जल्द ही अवमुक्त कर दी जाएगी।
कलस्टर विद्यालय योजना का उद्देश्य प्रदेश में गुणवत्ता शिक्षा को बढ़ावा देना और एक ही परिसर में कक्षा-6 से कक्षा-12 तक के छात्रों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत चयनित स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
टिहरी में चयनित पांच विद्यालय हैं – राजकीय इंटर कॉलेज नागदेव पथल्ड (1.94 करोड़), राजकीय इंटर कॉलेज बंगियाल (2.26 करोड़), राजकीय इंटर कॉलेज काण्डीखाल (2.26 करोड़), राजकीय इंटर कॉलेज चाका (क्वीली) (1.90 करोड़) और राजकीय इंटर कॉलेज केशरधार नैचोली (2.55 करोड़)। इन विद्यालयों में नए कक्षा-कक्ष, कम्प्यूटर लैब, प्रधानाचार्य और स्टाफ कक्ष, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, खेल मैदान और शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इसके साथ ही पुराने भवनों की वृहद मरम्मत भी की जाएगी ताकि छात्रों को सभी विषयों के शिक्षकों, प्रयोगशालाओं और आधुनिक सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सके। यह कदम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और बेहतर शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया है।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि कलस्टर विद्यालय योजना के तहत चयनित स्कूलों में शीघ्र निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से छात्रों को बेहतर शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर प्राप्त होगा।








