---Advertisement---

चमोली आपदा राहत शिविर पहुंचे डॉ. धन सिंह रावत और अनिल बलूनी, प्रभावितों से लिया फीडबैक

चेपड़ो-राड़ीबगड़ का पैदल निरीक्षण, कैबिनेट मंत्री व सांसद ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश

चमोली/देहरादून: चमोली जनपद के थराली क्षेत्र में आई भीषण आपदा के बाद प्रभावित परिवारों की मदद और राहत व्यवस्था का जायजा लेने कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी आज कुलसारी पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने कुलसारी में बने आपदा राहत शिविर का निरीक्षण किया और प्रभावितों से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार और जनप्रतिनिधि इस संकट की घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़े हैं और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर का दौरा करते समय डॉ. रावत और श्री बलूनी ने पीड़ितों से फीडबैक लिया और शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत शिविरों में और अधिक सुविधाएं जुटाने तथा प्रभावितों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद दोनों नेताओं ने पैदल चलकर आपदाग्रस्त क्षेत्र चेपड़ो और राड़ीबगड़ का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां उन्होंने प्रभावित परिवारों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं और स्थानीय प्रशासन को राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। डॉ. रावत ने कहा कि आपदा से क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। कई घर और दुकानें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं तथा सड़कें भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हैं।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रशासन को प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके। साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटरमार्गों की त्वरित मरम्मत के आदेश दिए। सांसद अनिल बलूनी ने भी भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर हर आवश्यक कदम उठाएंगी ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके।

इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी संदीप तिवारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरा प्रशासन और सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और शीघ्र ही सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

Related Post