देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रही महिला अभियुक्ता को पुलिस ने हर्रावाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी की गई करीब 9 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
यह मामला तब सामने आया जब पुष्पा निवास, दिव्या विहार, मियांवाला निवासी अशोक कुमार रावत ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया कि वे अपने परिवार के साथ नोएडा गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर रखी लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी कर ली।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 मार्च को मामले में शामिल एक आरोपी मोहम्मद सुहैल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उसके पास से चोरी के कुछ आभूषण भी बरामद किए गए थे। पूछताछ में सुहैल ने बताया कि चोरी का शेष सामान पटेलनगर निवासी एक महिला के पास है, जो घटना के बाद से लगातार फरार चल रही है।
पुलिस जांच में फरार महिला की पहचान गुलअफशा के रूप में हुई। पुलिस टीम ने उसकी तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलती रही। इसके बावजूद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
आखिरकार 29 मार्च को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने हर्रावाला क्षेत्र में घेराबंदी कर गुलअफशा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई ज्वेलरी बरामद कर ली गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस गिरफ्तारी के साथ ही चोरी की इस वारदात का पूरा खुलासा हो गया है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।








