---Advertisement---

गुवाहाटी में प्रदर्शित हुआ वृत्तचित्र ‘भूपेन दा अनकट’, जानिए इसमें क्या खास है

गुवाहाटी। भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र *‘भूपेन दा अनकट’* का भव्य प्रीमियर शनिवार को गुवाहाटी के प्रसिद्ध *अनुराधा टाकीज़* में आयोजित किया गया। इस अवसर पर हजारिका परिवार के सदस्य, प्रशंसक और असम की सांस्कृतिक दुनिया की कई हस्तियाँ उपस्थित रहीं।

डॉ. भूपेन हजारिका के अमेरिका निवासी पुत्र तेज हजारिका अपनी पत्नी कैंडिस और पुत्र ऋषि आकाश के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उनके छोटे भाई और प्रख्यात गायक समर हजारिका भी मौजूद थे।

निर्माता-निर्देशक बबीता शर्मा ने स्वागत भाषण में बताया कि इस वृत्तचित्र में विंटेज क्वालिटी के फुटेज का इस्तेमाल किया गया है, जिन्हें वर्ष 1999 में इंग्लैंड में शूट किया गया था। कार्यकारी निर्माता चिन्मय शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। स्क्रीनिंग के बाद समर हजारिका ने भावुक होते हुए कहा कि फिल्म देखते समय उन्हें लगा जैसे भूपेन दा पुनः जीवंत हो उठे हों।

पुत्र तेज हजारिका और उनके परिवार ने वृत्तचित्र की विविध सामग्री और अनकही बातों को देखकर गहरा उत्साह प्रकट किया। प्रीमियर शो में असम की कई जानी-मानी शख्सियतें भी शामिल हुईं जिनमें मंजू बोरा, संजीव सभापंडित, रुनु देवी, लोकनाथ गोस्वामी, मालबिका बोरा, प्रदीप बरुआ और दीपान्निता जायसवाल प्रमुख रहे।

‘भूपेन दा अनकट’ में 1999 में इंग्लैंड यात्रा के दौरान असम मेडिकल कॉलेज डॉक्टर्स एलुमनी ग्रुप द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम की झलकियां दिखाई गई हैं। इसमें भूपेन दा अपने बचपन की यादें, असमिया सिनेमा के जनक ज्योति प्रसाद अग्रवाल से मुलाकात, न्यूयॉर्क में उच्च अध्ययन की यात्रा और पत्नी प्रियंवदा पटेल से रिश्तों की कहानी साझा करते नजर आते हैं।

इस वृत्तचित्र में भूपेन दा की कुछ अप्रकाशित कविताएं भी सुनाई देती हैं, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रही। निर्माण और निर्देशन बबीता शर्मा ने किया है, जबकि कार्यकारी निर्माता चिन्मय शर्मा और संपादन-रचनात्मक निर्देशन रवींद्र बदगइयन ने संभाला।

Related Post