---Advertisement---

टनकपुर में जनता से सीधे संवाद: विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सीएम धामी का बड़ा फोकस

देहरादून/टनकपुर।  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित  ‘मुख्य सेवक संवाद’  कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस कार्यक्रम में माताओं, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों,  पूर्णागिरि मेला समिति , व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और अन्य स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय स्तर की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। नागरिकों ने सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों, मांगों और सुझावों पर गंभीरता से कार्य किया जाए और उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जनता को समयबद्ध राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है और हर समस्या के समाधान के लिए प्रशासन को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने टनकपुर  स्थित उपजिला चिकित्सालय के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है, जहां टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ पड़ोसी देश  नेपाल से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी विशेष महत्व को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।

Related Post