उत्तराखंड में सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाते हुए अब तक 52 प्रतिशत पैच वर्क पूरा कर लिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश की सभी सड़कों को शीघ्र गड्ढा मुक्त बनाया जाए, ताकि आम जनता को सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेष कार्यों को त्वरित गति से पूरा करने के लिए सभी विभाग समन्वय और सजगता के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनपदों के प्रभारी सचिव अपने जिलों का नियमित भ्रमण करें, जनता से संवाद स्थापित करें और विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की स्वयं समीक्षा करें।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और अन्य आधारभूत संरचनाओं का शीघ्र पुनर्निर्माण किया जाए, ताकि स्थानीय जनता को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि सभी विभाग कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करें। सरकार का लक्ष्य राज्य की जनता को बेहतर, सुरक्षित और टिकाऊ बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, अपर सचिव विनीत कुमार और लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








