---Advertisement---

धामी सरकार की शिक्षा सुधार पहल, बालिकाओं के ड्रॉपआउट रोकने को सख्त निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने आज शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ‘गेम चेंजर योजनाओं’ की वर्चुअल समीक्षा बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए समेकित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए।

प्रवेशोत्सव पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राज्य में पहली, छठी और नवीं कक्षाओं में विद्यार्थियों के अधिक से अधिक प्रवेश को सुनिश्चित करने के लिए प्रवेशोत्सव अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में आमजन का भरोसा मजबूत करने के लिए जनसहभागिता बढ़ाई जाए।

बालिकाओं के ड्रॉपआउट को रोकने के लिए ठोस प्रयास

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष रूप से बालिकाओं के ड्रॉपआउट को रोकने के लिए प्रभावी और सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो बालिकाएं किसी कारणवश स्कूल छोड़ चुकी हैं, उन्हें पुनः मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जाए। साथ ही, सामुदायिक स्तर पर अभिभावकों को जागरूक किया जाए ताकि बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी जा सके।

कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा पर फोकस

श्री धामी ने कहा कि स्कूली शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाए ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को यथार्थपरक और व्यवहारिक बनाने की दिशा में कार्य करने को कहा।

नवाचार, सुविधाएं और सुरक्षा मानक

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालयों में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए नियमित गतिविधियाँ चलाई जाएं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि छात्रों को किताबें, नोटबुक और स्कूल ड्रेस समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
विद्यालयों में बालिकाओं के लिए अलग शौचालय, सेनेटरी पैड की उपलब्धता, और सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा विभाग की अनुपयोगी परिसंपत्तियों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

कला, रंगमंच और खेलकूद को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों में किताबी ज्ञान के साथ-साथ कला, रंगमंच और खेलकूद जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाए। फिट इंडिया अभियान के तहत बच्चों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में सुधार और शिक्षकों के रिक्त पदों की शीघ्र पूर्ति के निर्देश भी दिए।

भारत दर्शन योजना और स्मार्ट स्कूल

बैठक में बताया गया कि ‘भारत दर्शन योजना’ के तहत इस वर्ष 1,082 टॉपर्स को दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा भ्रमण पर भेजा जाएगा। पिछले वर्ष इस योजना के अंतर्गत 156 छात्रों को प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण कराया गया था।
इसके अलावा राज्य के 559 क्लस्टर विद्यालयों को स्मार्ट स्कूल बनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत 4,019 स्मार्ट क्लास संचालित होंगी।

उच्चस्तरीय सहभागिता

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शिक्षा श्री रविनाथ रामन, शिक्षा महानिदेशक सुश्री दीप्ति सिंह, स्थानिक आयुक्त श्री अजय मिश्रा, एवं शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Post