---Advertisement---

धामी सरकार का अल्मोड़ा को बड़ा तोहफा: मंदिर सौंदर्यीकरण से सड़क और स्वास्थ्य तक कई योजनाएं शुरू

देहरादून/अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से अल्मोड़ा में आयोजित मां नंदा देवी मेला-2025 का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह मेला केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, पहचान और आर्थिक-सामाजिक सशक्तिकरण का भी प्रतीक है।

सीएम धामी ने घोषणा की कि 2026 में मां नंदा राजजात यात्रा को दिव्य और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक धरोहर का पुनरुत्थान हो रहा है और उत्तराखंड सरकार भी धार्मिक स्थलों के संरक्षण व विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

 धार्मिक व सांस्कृतिक विकास

मुख्यमंत्री ने बताया कि जागेश्वर धाम सौंदर्यीकरण हेतु 146 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। साथ ही मां नंदा देवी मंदिर का पारंपरिक शैली में पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। डीनापानी में “नंदा देवी हस्तशिल्प ग्राम” स्थापित होगा, जहां स्थानीय महिला उद्यमियों और कारीगरों के उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ा जाएगा।

 स्वास्थ्य व शिक्षा

अल्मोड़ा में 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक और महिला चिकित्सालय का अपग्रेडेशन होगा। सोमेश्वर में 100 बेड उपजिला चिकित्सालय का निर्माण चल रहा है। इसके साथ ही सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में प्रशासनिक भवन और अल्मोड़ा में नशा मुक्ति केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं।

 सड़क व बुनियादी ढांचा

धामी ने बताया कि पिछले 3 वर्षों में 248 किमी ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा 922 करोड़ की लागत से अल्मोड़ा-बागेश्वर सड़क चौड़ीकरण और 400 करोड़ से अल्मोड़ा-पौड़ी-रुद्रप्रयाग सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अल्मोड़ा में हेली सेवा, चौखुटिया में हेलीपैड, और 25 से अधिक पार्किंग स्थलों का निर्माण प्रगति पर है।

 जनकल्याणकारी योजनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में “एक जनपद दो उत्पाद”, “मिलेट मिशन” और “वोकल फॉर लोकल” जैसी योजनाओं से स्थानीय आजीविका को बढ़ावा मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार मदरसा बोर्ड को समाप्त कर रही है और 1 जुलाई 2026 के बाद गैर-मानक मदरसों को बंद कर दिया जाएगा। अब तक 250 अवैध मदरसों को सील और 500 से अधिक अवैध संरचनाओं को हटाया गया है।

धामी ने कहा कि सरकार न केवल आर्थिक और धार्मिक विकास बल्कि पलायन रोकने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।

Related Post