---Advertisement---

धामी सरकार का अतिक्रमण विरोधी अभियान: 9 हजार एकड़ जमीन मुक्त, अब मंदिर भूमि भी बची

देहरादून। उत्तराखंड में धामी सरकार का अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है। प्रशासन ने शुक्रवार तड़के उधमसिंहनगर जिले के काशीपुर तहसील क्षेत्र में मंदिर भूमि पर बनी अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। यह राज्य की 553वीं ऐसी धार्मिक संरचना है, जिसे सरकार ने अतिक्रमण मानते हुए हटाया है।

जानकारी के अनुसार, काशीपुर के ग्राम कचनाल गुसाईं में स्थित भूमि अभिलेखों में मंदिर का विवरण दर्ज था। स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि इस मंदिर स्थल को बाद में अवैध रूप से मजार में बदल दिया गया। इस मामले में प्रशासन ने 27 अगस्त को संचालक को नोटिस जारी कर भूमि और निर्माण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 15 दिन का समय दिया था। हालांकि तय अवधि पूरी होने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला।

इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। स्थानीय और वरिष्ठ नागरिकों ने भी शिकायत की थी कि जिस स्थान पर कभी ग्राम देवता का मंदिर था, वहां आज अवैध मजार बना दी गई। मेयर दीपक बाली ने भी इस मुद्दे को गंभीर मानते हुए जिला प्रशासन से चर्चा की और लोगों की भावनाओं से अवगत कराया।

शुक्रवार को एसडीएम अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने पुलिस बल और बुलडोजर के साथ कार्रवाई की। अवैध संरचना को ढहा दिया गया और मलबे को सम्मानजनक तरीके से हटाया गया। अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि उक्त संरचना पूरी तरह अवैध थी और इस पर किसी का कोई वैध अधिकार नहीं था।

गौरतलब है कि धामी सरकार राज्य में अवैध कब्जों और अतिक्रमणों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चला रही है। अब तक 553 अवैध मजारें व धार्मिक संरचनाएं ध्वस्त की जा चुकी हैं और करीब 9 हजार एकड़ सरकारी भूमि अवैध कब्जेदारों से मुक्त कराई जा चुकी है।

 

Related Post