---Advertisement---

धामी सरकार अलर्ट, हेलीकॉप्टर से लेकर मेडिकल टीम तक तैनात – थराली से बड़ी अपडेट

देहरादून, 24 अगस्त। उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली क्षेत्र में आई आपदा के बाद राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। टूनरी गदेरे में अचानक आई बाढ़ ने कई गांवों में भारी तबाही मचाई। फिलहाल करीब 150 प्रभावित लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं, जहां प्रशासन की ओर से भोजन, दवा और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

आपदा से कई गांवों की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है और सड़क संपर्क भी बुरी तरह बाधित हुआ है। विभिन्न अस्पतालों में घायल 9 लोगों का इलाज चल रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, थराली, सगवाड़ा, चेपड़ो बाजार और कोटदीप बाजार सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। आपदा में जहां 20 वर्षीय एक युवती का शव बरामद हुआ है, वहीं चेपड़ो गांव का 78 वर्षीय बुजुर्ग अभी भी लापता बताया जा रहा है। सगवाड़ा गांव में 10, थराली में 15 और चेपड़ो में 16 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा 30 से अधिक दुकानें और 11 वाहन भी तबाह हुए हैं।

क्षेत्र में जल संस्थान की 14 योजनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं और बिजली आपूर्ति देवाल क्षेत्र के 30 गांव तथा थराली ब्लॉक के 33 गांवों में बाधित है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, विद्युत, सिंचाई और लोक निर्माण विभाग की टीमें मौके पर जुटी हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने 5 डॉक्टर, 6 नर्स, एक फार्मासिस्ट और 3 एम्बुलेंस को तैनात किया है। ITBP की मेडिकल टीम भी घटनास्थल पर सक्रिय है। वहीं, यूकाडा का हेलीकॉप्टर गौचर में और वायुसेना का एमआई-17 भी आपात स्थिति में तैयार रखा गया है। कुलसारी और चेपड़ो में हेलीपैड को दुरुस्त कर लिया गया है।

कर्णप्रयाग–थराली–देवाल मार्ग पर कई जगह भारी मलबा आने और सड़क बह जाने से यातायात बंद है। प्रशासन युद्ध स्तर पर सड़कें खोलने और प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रहा है।

 

Related Post