---Advertisement---

अंत्योदय के संकल्प को राज्य की विकास नीति बना रही धामी सरकार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित उपाध्याय का संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को समर्पित रहा है। उनके ‘अंत्योदय’ के विचार आज भी राज्य की नीतियों की दिशा तय करने में मार्गदर्शक हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर दीनदयाल पार्क स्थित प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और कहा कि उनकी शिक्षाएं व आदर्श केवल विचारधारा नहीं बल्कि जनकल्याण के लिए एक जीवन दर्शन हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों की सेवा करना ही पंडित उपाध्याय का संकल्प रहा, जिसे उत्तराखंड सरकार पूरी निष्ठा से आगे बढ़ा रही है।

धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर ऐसी योजनाओं पर कार्य कर रही हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं इसी सोच का परिणाम हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को वास्तविक धरातल पर उतारना ही हमारी जिम्मेदारी है।

इसके बाद मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें स्मरण किया। उन्होंने कहा कि उनकी जीवन यात्रा और विचारधारा हम सभी को समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर प्रेरित करती रहेगी।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक खजान दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर उपाध्याय के विचारों और उनकी शिक्षाओं को समाज में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

 

Related Post