---Advertisement---

जनसंपर्क रणनीति पर सख्त हुए डीजी सूचना—जिलों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश

देहरादून। राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाने के उद्देश्य से महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने जिला सूचना अधिकारियों को स्पष्ट व प्रभावी संचार रणनीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। सूचना निदेशालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों की जानकारी सही रूप में, समय पर और बड़े स्तर पर आम जनता तक पहुँचाना विभाग की शीर्ष प्राथमिकता है।

डीजी तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मीडिया के साथ समन्वय मजबूत किया जाए और पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जिला सूचना कार्यालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वही सरकार और जनता के बीच संचार की मुख्य कड़ी हैं।

उन्होंने सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सरकारी योजनाओं से संबंधित अपडेट, पोस्ट और वीडियो व्यापक स्तर पर साझा किए जाएं। साथ ही, योजनाओं को लाभान्वित करने वाले आम नागरिकों की सक्सेस स्टोरीज़ को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाए, ताकि जनता में विश्वास और जागरूकता दोनों बढ़े। प्रकाशित सामग्री तथ्यों पर आधारित और संतुलित होनी चाहिए तथा किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी से पूरी तरह बचने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में उन्होंने जिला सूचना अधिकारियों को सरकारी कार्यक्रमों की समयबद्ध कवरेज सुनिश्चित करने, जनहितकारी गतिविधियों को ज्यादा से ज्यादा प्रचारित करने तथा सकारात्मक संचार वातावरण तैयार करने पर विशेष बल दिया। आपदा जैसी महत्वपूर्ण स्थितियों की कवरेज के लिए एसओपी तैयार करने के भी निर्देश जारी किए गए।

प्रेस सेवा पोर्टल और फिल्म शूटिंग अनुमति हेतु सिंगल विंडो सिस्टम के कार्यों को भी समयबद्ध गति देने को कहा गया। तिवारी ने बताया कि बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुसार सूचना विभाग को आधुनिक तकनीकों और संसाधनों से लैस किया जा रहा है। विभागीय पुनर्गठन का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है तथा रिक्त पदों को भरने के लिए अधियाचन भी भेजा जा चुका है।

उन्होंने जिलों से कार्यालयों की प्रगति, संसाधन संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभागीय कार्यों को प्रभावित न होने देने के लिए बजट की किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। जिला सूचना कार्यालयों के भवन निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि खोजने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, डॉ. नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह, उप निदेशक रवि बिजारनियां, मनोज श्रीवास्तव सहित सभी जिला सूचना अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post