रुड़की। नव सृजन साहित्यिक संस्था द्वारा कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा के सम्मान में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य और समाज के कई प्रमुख व्यक्तित्व शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता पूर्व संस्कृत शिक्षा निदेशक डॉ. आनंद भारद्वाज ने की, जबकि संचालन संस्था के महासचिव किसलय क्रांतिकारी और कोषाध्यक्ष पंकज त्यागी ‘असीम’ ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद कवि राम शंकर सिंह ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विशिष्ट अतिथि के रूप में विक्रमशिला हिंदी विद्यापीठ के उपकुलपति डॉ. श्रीगोपाल नारसन, कवि डॉ. घनश्याम ‘बादल’ और वरिष्ठ शायर पंकज गर्ग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. आनंद भारद्वाज, डॉ. श्रीगोपाल नारसन और सुरेंद्र सैनी ने मंत्री बत्रा को शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह और अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया। स्वागत भाषण में डॉ. भारद्वाज ने मंत्री बनने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम में कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया। सुरेंद्र सैनी, पंकज गर्ग और घनश्याम ‘बादल’ की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
अपने संबोधन में डॉ. श्रीगोपाल नारसन ने रुड़की में साहित्यिक भवन निर्माण और वंचित साहित्यकारों की पुस्तकों के प्रकाशन की मांग रखी। वहीं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने संस्था के साहित्यिक प्रयासों की सराहना करते हुए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मंत्री बत्रा ने शहर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने रुड़की में साहित्यिक भवन और साइंस सिटी के निर्माण, सालियर में अंतरराज्यीय बस अड्डा स्वीकृत कराने तथा शहर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त 20 सिटी बसें शुरू करने का ऐलान किया।
कार्यक्रम में कई साहित्यकारों ने भी काव्य पाठ कर आयोजन को यादगार बना दिया।








