रामगढ़ जिले के उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने मंगलवार को झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, दुलमी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्थाओं, आवासीय व्यवस्था और छात्राओं को प्रदान की जा रही सेवाओं का विस्तार से जायजा लिया।
उपायुक्त ने सबसे पहले आवासीय परिसर में बच्चियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने भोजनागार, रसोईघर तथा खाद्य सामग्री भंडारण कक्ष का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पोषण स्तर और सामग्री की उपलब्धता को परखा। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और पौष्टिकता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं से सीधे संवाद भी किया। उन्होंने बच्चियों से शिक्षा, भोजन, स्वास्थ्य, खेलकूद, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं के बारे में उनके अनुभव तथा सुझाव सुने। उपायुक्त ने उन्हें आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन बालिकाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जाएगा।
इसके बाद उपायुक्त ने विद्यालय की कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी, कक्षाओं और खेल सामग्री का निरीक्षण किया। उन्होंने कंप्यूटर उपकरणों की कार्यशीलता, उपलब्ध डिजिटल शिक्षण सामग्री और पुस्तकालय में पुस्तकों की संख्या एवं उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से बच्चियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनके सर्वांगीण विकास में मदद मिलती है।
उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेल, संगीत, कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास और भविष्य की तैयारी के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने सभी सुविधाओं के नियमित रखरखाव, परिसर की स्वच्छता को मजबूत रखने और सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम, दुलमी प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, अंचल अधिकारी किशोरी यादव समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।








