रामगढ़। उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में सोमवार को उनके कार्यालय कक्ष में नगर परिषद एवं छावनी परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने नगर क्षेत्र में चल रहे योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया और समय पर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक की शुरुआत में उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली। इसके बाद वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP), सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नियमित स्थल निरीक्षण करने, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, तथा मुख्यमंत्री श्रमिक योजना की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने साफ-सफाई, जल जमाव और स्वच्छता कार्यों पर विशेष ध्यान देने को कहा और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर की स्वच्छता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, नगर प्रबंधक, एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








