देहरादून। वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी क्रम में नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले बहल चौक से मुख्यमंत्री आवास तक एक विशाल रैली निकाली गई। इस रैली में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में नर्सिंग बेरोजगार अभ्यर्थियों ने भाग लेकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया।
नर्सिंग अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले 94 दिनों से शांतिपूर्वक धरने पर बैठे हुए हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि लंबे समय से वर्षवार भर्ती की मांग उठाई जा रही है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है।
महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस रैली को खास बनाने के लिए महिला अभ्यर्थियों ने अलग-अलग प्रेरणादायक किरदारों की वेशभूषा धारण की। कुछ अभ्यर्थियों ने भारत माता, तो कुछ ने रानी लक्ष्मीबाई और गौरा देवी जैसे ऐतिहासिक और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का रूप धारण किया। इसके अलावा कुछ प्रतिभागियों ने आर्मी, डॉक्टर और वकील की वेशभूषा पहनकर महिलाओं की शक्ति और समाज में उनकी बहुआयामी भूमिका का संदेश दिया।
रैली के दौरान अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की और सरकार से जल्द समाधान निकालने की अपील की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले तीन महीने से अधिक समय से शांतिपूर्वक धरने पर बैठे हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार वर्षवार भर्ती को लेकर स्पष्ट और ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करेगी।








