नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्र में घने कोहरे और जहरीले स्मॉग की मोटी परत ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। हवा की गुणवत्ता बेहद खराब होकर ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई है। सोमवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 498 तक दर्ज किया गया, जो शाम होते-होते 427 पर आ गया, लेकिन हालात में कोई खास सुधार नहीं दिखा।
कम दृश्यता का सबसे ज्यादा असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देखने को मिला। देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। घने कोहरे के कारण 228 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जबकि पांच फ्लाइट्स को अन्य एयरपोर्ट्स की ओर डायवर्ट किया गया। रोजाना लगभग 1300 उड़ानों का संचालन करने वाले इस एयरपोर्ट पर सुबह से ही अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, वहीं सामान लेने के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।
इंडिगो और एयर इंडिया समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर फ्लाइट स्टेटस पहले जांचने की अपील की। इस बीच प्रसिद्ध इतिहासकार विलियम डेलरिम्पल के बेटे सैम डेलरिम्पल ने एयर इंडिया की सेवाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि वे करीब 12 घंटे तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे। सुबह 6 बजे की उनकी फ्लाइट को बार-बार टालने के बाद अचानक रद्द कर दिया गया, जिसकी कोई स्पष्ट जानकारी स्टाफ ने नहीं दी।
एयर इंडिया ने मंगलवार को भी कुछ उड़ानों को पहले से रद्द करने की घोषणा की है। कंपनी का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। एयरलाइन ने ‘फॉग केयर’ कार्यक्रम के तहत प्रभावित यात्रियों को मुफ्त री-शेड्यूल या रिफंड की सुविधा देने की बात कही है।
वहीं, बढ़ते प्रदूषण और बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब नर्सरी से लेकर कक्षा पांचवीं तक के सभी स्कूलों में केवल ऑनलाइन कक्षाएं संचालित होंगी। उत्तर भारत में कोहरे का यह सिलसिला आगे भी जारी रहने की आशंका है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को मास्क पहनने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।








