---Advertisement---

अंडर-17 शूटिंग बॉल में देहरादून का दम, सेमीफाइनल में शानदार जीत

रुड़की।  रुड़की स्थित दून पब्लिक स्कूल में तृतीय राज्य स्तरीय सब-जूनियर अंडर-17 शूटिंग बॉल चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता में देहरादून की बालक वर्ग टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। खिलाड़ियों के जोश और टीम वर्क ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रबंधक जहीर अहमद और प्रधानाचार्य गौरव शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में उधम सिंह नगर, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, टिहरी, अल्मोड़ा और उत्तरकाशी सहित आठ जिलों की टीमों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान कई गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मेयर गौरव गोयल, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति तथा हरिद्वार यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष एस.के. गुप्ता मौजूद रहे।

समापन समारोह में लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सुभाष सैनी, जय भगवान सैनी और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी सहित कई अन्य अतिथि भी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला और खेल भावना को भी बढ़ावा मिला। आयोजकों ने भविष्य में ऐसे और आयोजनों की उम्मीद जताई।

Related Post