---Advertisement---

देहरादून की मनस्वी का जलवा, फिन स्विमिंग में चार गोल्ड जीत रचा इतिहास

देहरादून।
सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) की प्रतिभाशाली छात्रा मनस्वी पंवार ने फिन तैराकी में शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड और अपने विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। मनस्वी ने पुणे में आयोजित *8वीं ऑल इंडिया फिन स्विमिंग फेडरेशन कप 2025-26* में चार स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 24 से 26 जनवरी 2026 तक श्री शिव छत्रपति स्विमिंग पूल, बलेवाड़ी (पुणे) में आयोजित की गई, जिसमें देशभर से 1000 से अधिक तैराकों ने प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल की कक्षा 11वीं की छात्रा मनस्वी पंवार ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए चारों स्पर्धाओं में पहला स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही उन्होंने *बेस्ट टाइमिंग ऑफ द इवेंट* का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

मनस्वी ने जूनियर वर्ग (16–17 वर्ष आयु वर्ग) में 50 मीटर बाय फिन्स, 50 मीटर मोनोफिन, 100 मीटर बाय फिन और 50 मीटर अप्निया स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किए। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के चलते उनका चयन दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली *वर्ल्ड फिन स्विमिंग चैंपियनशिप* के लिए भी हो गया है, जो उनके खेल करियर की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

प्रतियोगिता से लौटने पर बलूनी ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर विपिन बलूनी ने स्कूल परिसर में मनस्वी को सम्मानित किया। उन्होंने मनस्वी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता स्कूल के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मनस्वी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने भी मनस्वी की इस उपलब्धि पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने मनस्वी की सफलता को पूरे स्कूल के लिए गर्व का क्षण बताया है।

Related Post