---Advertisement---

देहरादून का घंटाघर अब नए रूप में: सीएम धामी ने किया लोकार्पण

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** ने शनिवार को राजधानी के ऐतिहासिक **घंटाघर** के रूपांतरण और स्वचालित प्रकाश व्यवस्था का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि घंटाघर देहरादून की पहचान है और इसका नया स्वरूप न केवल स्थानीय नागरिकों को गर्व का अनुभव कराएगा बल्कि शीतकालीन पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनेगा।

करीब **डेढ़ करोड़ रुपये** की लागत से घंटाघर का पुनर्निर्माण किया गया है। स्वचालित प्रकाश व्यवस्था के चलते यह स्थल अब रात्रि में भी जीवंत दिखाई देगा और शहर की नाइटलाइफ को नया आयाम देगा।

इसी कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने **चार आधुनिक हिलांस-कम-किचन आउटलेट्स** का भी लोकार्पण किया। यह आउटलेट्स महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनसे महिलाओं को **स्वरोजगार** का अवसर मिलेगा और उत्तराखंड के **स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों** को बढ़ावा मिलेगा। कलेक्ट्रेट, कोरोनेशन अस्पताल, गुच्चुपानी और आईएसबीटी में ये कैंटीनें स्थापित की गई हैं, जो आम जनता को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उपलब्ध कराएंगी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर **बाल भिक्षावृत्ति निवारण अभियान** की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक 82 बच्चों को भिक्षा से मुक्त कर विभिन्न विद्यालयों में दाखिला दिलाया जा चुका है। इसके लिए 3 रेस्क्यू वाहनों और अंतरविभागीय टीम का गठन किया गया है। साधूराम इंटर कॉलेज में इन बच्चों के लिए इंटेंसिव केयर सेंटर का निर्माण भी कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। देहरादून में इस समय **14 सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं** संचालित हो रही हैं। इनमें इलेक्ट्रिक बसों का संचालन, चार्जिंग स्टेशन, भूमिगत पार्किंग और रिस्पना-बिंदाल नदियों पर एलिवेटेड रोड जैसी योजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और व्यापारी उपस्थित रहे।

 

Related Post