देहरादून। प्रधानमंत्री के 14 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को गणेशपुर, सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे।
बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और पुलिस विभाग को समन्वय बनाकर पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण को मार्ग और आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नगर निगम को कार्यक्रम स्थल और मार्ग पर व्यापक सफाई व्यवस्था, मोबाइल शौचालय और अन्य सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सा टीमों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश-निकास द्वार और यातायात प्लान की भी विस्तृत समीक्षा की। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएंगी।








