---Advertisement---

मनसा देवी पहाड़ी से गिरे मलबे ने रोका रेल यातायात, कई ट्रेनें रद्द

हरिद्वार। लगातार हो रही तेज बारिश ने सोमवार सुबह हरिद्वार-देहरादून रेल मार्ग पर बड़ी बाधा उत्पन्न कर दी। मनसा देवी पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा खिसककर भीमगोडा काली मंदिर के पास रेलवे ट्रैक पर आ गिरा। इसके चलते हरिद्वार और देहरादून के बीच रेल यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और कई ट्रेनों को निरस्त करना पड़ा।

हरिद्वार रेलवे स्टेशन अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि भीमगोड़ा रेलवे सुरंग के समीप आए मिट्टी और चट्टानों के मलबे से ट्रैक पूरी तरह बंद हो गया है। इस कारण ऋषिकेश-कोच्चिवली एक्सप्रेस, हावड़ा-ऋषिकेश एक्सप्रेस, अमृतसर-देहरादून एक्सप्रेस और ऋषिकेश-हरिद्वार पैसेंजर सहित कई ट्रेनों को स्थगित करना पड़ा। कुछ गाड़ियों को ज्वालापुर स्टेशन पर ही टर्मिनेट करना पड़ा।

रेलवे विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का कार्य कर रही हैं। फिलहाल देहरादून-हरिद्वार और ऋषिकेश रेल मार्ग पर ट्रेन सेवाएं बाधित हैं। यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए विभाग ने वैकल्पिक इंतज़ाम करने की बात कही है।

काली मंदिर के पास हुए इस भूस्खलन से मंदिर परिसर को भी आंशिक नुकसान हुआ है। मंदिर के बाहर बने शिवजी के छोटे स्थल को क्षति पहुंची है, हालांकि गुफा मंदिर सुरक्षित है।

गौरतलब है कि इस स्थान पर इससे पहले भी कई बार मलबा आने से रेल यातायात बाधित हुआ है। इसी कारण रेलवे ने यहां लोहे के मजबूत जाल लगाए थे, जिससे मलबा सड़क पर नहीं आ पाया। बावजूद इसके, पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन ने एक बार फिर से यात्रियों और स्थानीय लोगों को मुश्किल में डाल दिया है।

स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों को सावधानी बरतने और रेल मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

 

Related Post