---Advertisement---

डीएवी रजरप्पा के छात्र ने रचा इतिहास, जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में हासिल की सफलता

रजरप्पा कोयलांचल क्षेत्र के डीएवी रजरप्पा के पूर्व छात्र मिथुन कुमार ने झारखंड लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय और अपने परिवार का नाम रोशन किया है।

ज्ञात हो कि सफल छात्र के पिता वर्तमान में सीसीएल रजरप्पा में पंप ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है।
झारखंड जोन डी के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी सह डीएवी विद्यालय के प्राचार्य डॉ० एस के शर्मा ने कहा कि छात्र की यह सफलता हमारे स्कूल के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने विद्यालय में पढ़ाई के दौरान ही अपनी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिचय दिया था। हमें खुशी है कि आज वही छात्र प्रदेश की प्रशासनिक सेवा का हिस्सा बनने जा रहा है। हम उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हैं।
उक्त सफल छात्र ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, माता-पिता और कड़ी मेहनत को दिया।

उन्होंने कहा डीएवी रजरप्पा ने मेरी नींव मजबूत की। यहाँ के शिक्षकों ने न सिर्फ पढ़ाई में मार्गदर्शन किया बल्कि नैतिक मूल्यों की भी शिक्षा दी जो इस सफर में मेरी ताकत बनी। छात्र की इस सफलता से स्कूल के अन्य छात्रों में भी प्रेरणा की लहर दौड़ गई है। विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में और भी छात्र प्रशासनिक सेवाओं में अपना परचम लहराएँगे।

Related Post