---Advertisement---

रामगढ़ से दिल्ली-शिमला के लिए रवाना हुए डीएलएड प्रशिक्षु, जानिए इस शैक्षणिक यात्रा का खास उद्देश्य

 रामगढ़ स्थित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के डी.एल.एड. सत्र 2024-26 एवं 2025-27 के प्रशिक्षुओं का शैक्षणिक परिभ्रमण दल बुधवार को दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला के लिए रवाना हुआ। यह शैक्षणिक भ्रमण 3 जून से 10 जून 2026 तक आयोजित किया गया है। भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु विभिन्न शैक्षणिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन करेंगे तथा 10 जून को महाविद्यालय वापस लौटेंगे।

परिभ्रमण दल को जन आकांक्षा की सदस्य श्रीमती बबीता प्रभाकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के सचिव डॉ. संजय कुमार प्रभाकर ने प्रशिक्षुओं को यात्रा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण केवल पर्यटन नहीं, बल्कि ज्ञान और अनुभव अर्जित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विभिन्न स्थलों के प्रत्यक्ष अवलोकन से विद्यार्थियों की समझ और दृष्टिकोण का विस्तार होता है।

डॉ. प्रभाकर ने प्रशिक्षुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और संस्थान की गरिमा को सर्वोपरि रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भ्रमण से प्राप्त अनुभव भविष्य में उनके शिक्षकीय जीवन को समृद्ध बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। साथ ही उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं की सुरक्षित, सुखद एवं सफल यात्रा की कामना की।

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य बाबूचंद प्रसाद ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, व्यवहारिक ज्ञान और सामाजिक समझ को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इस यात्रा के दौरान प्राप्त अनुभवों और जानकारियों को अपने भविष्य के शिक्षण कार्य में उपयोग करें।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में डी.एल.एड. प्रशिक्षु उपस्थित रहे। सभी ने भ्रमण दल को शुभकामनाएं देते हुए सफल, सुरक्षित और ज्ञानवर्धक यात्रा की कामना की। महाविद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि यह शैक्षणिक भ्रमण प्रशिक्षुओं के ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास में सकारात्मक वृद्धि करेगा।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---