---Advertisement---

पहली बार पिनानी में क्रिकेट महाकुंभ, 27 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले

देहरादून/पिनानी। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने अपने पैतृक गांव पिनानी में आयोजित हो रहे क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया। गांव में पहली बार आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट में 27 से अधिक टीमों की भागीदारी ने पूरे क्षेत्र में खेल उत्सव का माहौल बना दिया है। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्रिकेट प्रेमी जुट रहे हैं।

मैचों के दौरान युवाओं का जोश देखते ही बनता है। हर चौके-छक्के पर घाटी तालियों और नारों से गूंज उठती है। वहीं दूसरी ओर महिला मंगल दलों ने पारंपरिक चौंफला नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुति देकर इस खेल आयोजन को सांस्कृतिक रंग भी दे दिया है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. निशंक ने कहा कि हिमालय की गोद में जन्मे हर व्यक्ति में असीम संभावनाएं छिपी हैं। चाहे खेल का मैदान हो, सैनिकों का शौर्य, मातृशक्ति की जिजीविषा या राजनीति का क्षेत्र—यहां के लोगों ने हर क्षेत्र में ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने युवाओं में खेल के प्रति बढ़ते रुझान को सकारात्मक संकेत बताते हुए अपने बचपन के अनुभव साझा किए। डॉ. निशंक ने कहा कि जिन खेतों में आज क्रिकेट खेला जा रहा है, वहां उन्होंने स्वयं खेती के सभी काम किए हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि लगन, निष्ठा और समर्पण से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।

उन्होंने भविष्य में पिनानी क्षेत्र में एक स्टेडियम निर्माण की दिशा में राज्य सरकार से पहल करने की बात भी कही। इस अवसर पर उनकी पुत्री विदूषी निशंक ने अपनी दिवंगत माता की स्मृति में स्थापित कुसुम कांता फाउंडेशन के माध्यम से खिलाड़ियों को हर वर्ष प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने महिला मंगल दल और युवक मंगल दलों को मुख्यधारा से जोड़कर गांव के समग्र विकास का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल के पदाधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। इसके पश्चात डॉ. निशंक ने जबरौली महादेव में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

 

Related Post