देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने राजभवन कूच कर सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ नेता इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विशाल जुलूस प्रदेश मुख्यालय से निकलकर राजपुर रोड, बहल चौक, दिलाराम बाजार और कैंट रोड होते हुए राजभवन की ओर बढ़ा। रास्ते भर कार्यकर्ता “वोट चोर गद्दी छोड़”, “गुंडागर्दी की सरकार नहीं चलेगी”, “आपदा पीड़ितों को न्याय दो” जैसे नारे लगाते रहे। हाथीबड़कला पुलिस चौकी के पास पुलिस बैरिकेडिंग लगाकर जुलूस को रोक दिया गया। इस दौरान कांग्रेस नेता बैरिकेड पर चढ़ गए और कई कार्यकर्ता सड़क पर धरने में बैठ गए। काफी देर तक नारेबाजी होती रही।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। महिलाओं के खिलाफ हिंसा, बलात्कार और हत्या के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और इनमें भाजपा नेताओं की संलिप्तता भी सामने आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा ने निर्वाचन आयोग के साथ मिलकर वोटों की डकैती की और प्रदेश को अपराध और माफिया संस्कृति की ओर धकेल दिया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में भी सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है और जनता अपने हाल पर छोड़ दी गई है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और रोजगार जैसे सभी मोर्चों पर भाजपा सरकार असफल रही है। जनता ने लगातार दो बार भाजपा को बहुमत देकर सत्ता सौंपी, लेकिन इसके बदले उन्हें सिर्फ निराशा मिली। उन्होंने राज्यपाल से भाजपा सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक हीरा सिंह बिष्ट, शूरवीर सिंह सजवान, प्रेमानंद महाजन, राजकुमार, जसविंदर सिंह, ज्योति रौतेला, विकास नेगी सहित अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। दोपहर करीब दो बजे पुलिस ने सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करना शुरू किया। करीब डेढ़ सौ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेजा गया, हालांकि बाद में शाम साढ़े तीन बजे उन्हें रिहा कर दिया गया।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कांग्रेस अब आर-पार की लड़ाई के मूड में है। उन्होंने एलान किया कि पार्टी आने वाले दिनों में सड़कों पर उतरकर और जनता के बीच जाकर व्यापक आंदोलन चलाएगी। धस्माना ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए कांग्रेस राज्यभर में जन जागरण अभियान छेड़ेगी।








