---Advertisement---

उत्तम नगर घटना पर कांग्रेस का हमला, ‘कानून को काम करने दें, राजनीति न करें’

नई दिल्ली/देहरादून।  धीरेंद्र प्रताप ने दिल्ली के उत्तम नगर में हुए एक हिंदू युवक की हत्या के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस संवेदनशील घटना का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि इस मामले में पुलिस द्वारा दोषियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और कई आरोपी जेल में हैं। ऐसे में कानून अपना काम कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद कुछ राजनीतिक दल इस घटना को भड़काने और माहौल को प्रभावित करने में लगे हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना को सांप्रदायिक या राजनीतिक रंग देना समाज के लिए खतरनाक हो सकता है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर “वोटो की खेती” करने का प्रयास कर रहे हैं, जो निंदनीय है।

धीरेंद्र प्रताप ने यह भी कहा कि कुछ लोग ईद के अवसर पर होली मनाने जैसे बयान दे रहे हैं, जो सामाजिक सद्भाव को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने इस तरह की बयानबाजी को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि ऐसे वक्त में संयम और समझदारी की जरूरत है।

उन्होंने मृतक युवक की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब पुलिस और प्रशासन कार्रवाई कर रहे हैं और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, तो अब न्यायिक प्रक्रिया को अपना काम करने देना चाहिए।

धीरेंद्र प्रताप ने अपील की कि सभी राजनीतिक दल इस मुद्दे पर जिम्मेदारी से व्यवहार करें और समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करें।

 

Related Post