---Advertisement---

अप्रैल में सर्दी की वापसी! उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी से बढ़ी ठंड, अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए अप्रैल में ही सर्दी का अहसास बढ़ा दिया है। बुधवार सुबह से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल रही है। बदरीनाथ और केदारनाथ समेत कई पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

राज्य की राजधानी देहरादून सहित कई जिलों में लगातार बारिश के चलते मौसम ठंडा हो गया है। अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उत्तरकाशी के गंगोत्री और यमुनोत्री क्षेत्रों में भी हल्की बारिश और बर्फबारी का असर देखने को मिला है। वहीं हर्षिल घाटी, चमोली, नई टिहरी, मसूरी और नैनीताल में भी बारिश जारी है।

मौसम में आए इस बदलाव का असर जनजीवन पर भी पड़ा है। जहां एक ओर लगातार बारिश से जंगलों में लगी आग पर काबू पाने में मदद मिली है, वहीं दूसरी ओर किसानों को रबी की फसलों को नुकसान की चिंता सताने लगी है।

मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए अलर्ट जारी करते हुए टिहरी, पौड़ी, चंपावत और उधम सिंह नगर सहित कई जिलों में आंधी, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Related Post