देहरादून। उत्तराखंड में गंगा तटों के विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार ने गति तेज कर दी है। पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की चौथी बैठक में राज्य की प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट परियोजना के कार्यों में तेजी लाई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में निवेश को बढ़ावा देना और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही प्रक्रियात्मक जटिलताओं को दूर कर योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी छह महीनों में परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति जमीन पर दिखाई देनी चाहिए।
बैठक में शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के तहत भूमि उपलब्धता और भूस्खलन जैसे संवेदनशील पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से नदी किनारे के घाटों का सौंदर्यीकरण होगा और श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इसके अलावा, आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए गंगोत्री से हरिद्वार तक गंगा की स्वच्छता, घाटों के विकास और आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








