खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा भ्रमण के दूसरे दिन रविवार को आम जनता और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने कैंप कार्यालय लोहियाहेड एवं हेलीपेड पर लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों और मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष खटीमा रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तूभ मिश्रा, एसपी नीहारिका तोमर एवं उप जिलाधिकारी तुषार सैनी भी मौजूद रहे।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का भरोसा मुख्यमंत्री ने स्वयं दिया। मुख्यमंत्री का यह दौरा जनसंवाद और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








