देहरादून। त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की निर्मम हत्या के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मृतक के पिता श्री तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बात कर गहरा शोक व्यक्त किया और न्याय का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना से वे व्यक्तिगत रूप से आहत हैं और पीड़ित परिवार के दुःख को गहराई से महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है, जिसके नेपाल भागने की आशंका है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है और पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड शांति और सौहार्द की भूमि रही है, जहां देश-विदेश से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। इस तरह की आपराधिक घटना राज्य की छवि के विपरीत है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा से बातचीत की है। साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भी पूरी जानकारी दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उत्तराखंड सरकार पीड़ित परिवार के साथ हर संभव सहायता के लिए खड़ी है।
इस घटना के बाद राज्य सरकार की सक्रियता और संवेदनशीलता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।








