---Advertisement---

मुख्य सचिव की हाई लेवल बैठक के बाद स्पष्टता: पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की स्थिति क्या है?

देहरादून। वैश्विक परिस्थितियों के बीच राज्य में गैस और ईंधन आपूर्ति को लेकर बनी आशंकाओं के मद्देनज़र उत्तराखंड सरकार ने उच्चस्तरीय बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। यह बैठक मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें सभी जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, पूर्ति विभाग तथा तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति को लेकर तेल कंपनियों के नोडल अधिकारी स्वर्ण सिंह ने जानकारी दी कि राज्य में घरेलू गैस की आपूर्ति लगभग सामान्य बनी हुई है। अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी आपूर्ति व्यवस्था को संतोषजनक बताया।

जिलाधिकारियों ने बताया कि अधिकांश जिलों में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य है, हालांकि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता कुछ क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम है। इस पर मुख्य सचिव ने तेल कंपनियों को शासन द्वारा जारी नई एसओपी के अनुसार व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। Indian Oil Corporation के राज्य स्तरीय समन्वयक ने जानकारी दी कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं है। जिलाधिकारियों ने भी अपने-अपने जनपदों में ईंधन की नियमित उपलब्धता की पुष्टि की।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस या ईंधन का भंडारण न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार हैं।

 

Related Post